बिजली पोल टूटने से बिजली बाधित, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी कस्बे के स्टेट हाईवे नंबर 13 पर एलआईसी कार्यालय के सामने देर शाम को अज्ञात वाहन ने बिजली पोल को टक्कर मार दी। इस दौरान टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल दो हिस्सों में टूट गया, जिससे क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रभावित इलाके की बिजली सप्लाई काटकर अन्य क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चालू कर दी। लेकिन हादसे के करीब 14 घंटे बाद भी टूटे हुए पोल को नहीं बदले जाने और प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष फैल गया।
अधिवक्ता गिरधारी लाल सैनी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का पोल टूट गया था। इसकी सूचना बिजली विभाग को देने के बावजूद लंबे समय तक पोल नहीं बदला गया। बिजली सप्लाई बाधित होने से उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन बिजली विभाग ने पोल बदलने में कोई तत्परता नहीं दिखाई। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि हादसों के दौरान इस प्रकार की घटनाएं होने पर त्वरित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए जिससे आमजन को राहत मिल सके। इस दौरान गिरधारी लाल एडवोकेट, हरीश सैनी, विजेंद्र सैनी, प्रमोद, सुभाष, लोकेश सैनी, अजय सैनी, गिरधारी लाल, सोहनलाल सैनी, विक्रम, विजय, जगदीश सैनी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।