मोरपंख, जगन्नाथ और तिरंगे से सजी राखियां, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

निसं
मंडावा (नवयत्न)। आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और भाई-बहन के प्रेम को दर्शाते हुए आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां तैयार की। भगवान जगन्नाथ, श्रीकृष्ण के मोरपंख और देशभक्ति की थीम पर बनाई गई राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संस्था निदेशक अभिषेक तेतरवाल, मंडावा नगर पालिका के वरिष्ठ प्रारूपकार आनंद बिहारी सोलंकी और वरिष्ठ अध्यापिका अंजू कुर्मी शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक सोच, मौलिकता और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार स्वामी ने कहा कि ऐसी सह-शैक्षिक गतिविधियों से विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता विकसित होती है। साथ ही, विद्यार्थी अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में काजल शेखावत सहित विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।

You might also like