8 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से गुम हुए 8 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए जिनकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को पुलिस थाने में सुपुर्द किए गए। थाना प्रभारी बेगाराम मीणा ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर गुम हुए मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों को ब्लॉक करवाया गया। इसके बाद साइबर तकनीक और ट्रैकिंग के माध्यम से मोबाइल फोन की लगातार निगरानी की गई। पुलिस की टीम को सफलता मिली और 8 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को जब पुलिस ने उनके फोन सुपुर्द किए तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल मालिकों ने राजलदेसर पुलिस और साइबर टीम का आभार जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट दर्ज करवाएं। इसके साथ ही मोबाइल के आईएमईआई नंबर को सीईआईआर पोर्टल पर ब्लॉक करवाना भी जरूरी है। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलती है और पुलिस को उसकी ट्रैकिंग में सहायता मिलती है। पुलिस के अनुसार सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज अन्य शिकायतों के आधार पर शेष गुम मोबाइल पुोन की ट्रैकिंग और बरामदगी की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

You might also like