डॉ. जुल्फिकार को मिला डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवार्ड
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले के निकटवर्ती भीमसर गांव निवासी युवा लेखक एवं शोधकर्ता डॉ. जुल्फिकार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। हिन्द ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। डॉ. जुल्फिकार को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता तथा शिक्षार्थियों और समाज के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वे युगपुरुष जगतगुरु श्रीमद् स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर शोध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों, मानव सेवा और सामाजिक सौहार्द से जुड़े विषयों पर लेखन व शोध भी किया है। डॉ. जुल्फिकार को उनके शोध एवं लेखन कार्यों के लिए इससे पहले भी देश-विदेश में विभिन्न संस्थाओं की ओर से सम्मानित किया जा चुका है। मानव सेवा, शिक्षा, समाज सेवा, सांप्रदायिक सौहार्द तथा स्वामी विवेकानंद पर पुस्तक लेखन एवं शोध के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न मंचों पर सराहा गया है। खास बात यह रही कि पुरस्कार वितरण समारोह में देशभर की 32 जानी-मानी प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें झुंझुनूं जिले के डॉ. जुल्फिकार भी शामिल रहे। उनके सम्मान से शेखावाटी क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।