नगर निकाय चुनाव : नामांकन जांच में 42 फॉर्म निरस्त
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई। जांच के दौरान कुल 42 नामांकन पत्र निरस्त किए गए। इनमें 41 नामांकन पत्र संबंधित राजनीतिक दलों की ओर से सिंबल नहीं मिलने के कारण, जबकि एक नामांकन पत्र प्रत्याशी की अयोग्यता के चलते निरस्त किया गया। रिटर्निंग अधिकारी सौरव भाम्बू ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक कुल 180 प्रत्याशियों ने 226 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय प्रत्याशी रोहिताश्व मीणा का नामांकन आपराधिक मामले में पांच साल से अधिक की सजा होने के कारण अयोग्य पाए जाने पर निरस्त किया गया। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति सामने आ गई है। नामांकन निरस्त होने से कई वार्डों में चुनावी समीकरण भी बदलने की संभावना है। राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों में भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें नामांकन वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं। नामांकन वापसी के बाद प्रत्येक वार्ड में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी। इसके बाद यह स्पष्ट होगा कि किन वार्डों में सीधा मुकाबला है और कहां त्रिकोणीय अथवा बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।