विधायक गोदारा ने पैदल यात्रियों की सेवा के लिए भंडारे का किया उद्घाटन
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । सर्व समाज राजलदेसर एवं सेवा समिति राजलदेसर के तत्वावधान में बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले पैदल यात्रियों की सेवा के लिए आयोजित भंडारे का आज रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक पूसाराम गोदारा ने बाबा रामदेवजी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की तथा भंडारे का शुभारंभ किया। उन्होंने पैदल यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आयोजकों एवं सेवा समिति के सदस्यों की सराहना की।
विधायक ने कहा कि पैदल यात्रियों की सेवा और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करना मानव सेवा का पुनीत कार्य है। धार्मिक यात्राओं के दौरान समाज के लोगों द्वारा मिल-जुलकर की जाने वाली सेवा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धा और आस्था लाखों लोगों को जोड़ती है। ऐसे सेवा कार्यों में समाज की सामूहिक भागीदारी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं सेवा परंपरा का प्रतीक है।
इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष खेमचंद बरड़िया, पूर्व नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर, चंद्रप्रकाश घिंटाला, मोहन लाल मेघवाल, इदरीश खत्री, मिर्जाराम मेघवाल, ताराचंद, मुकेश गणेश, सोनू वाल्मीकि, जितुराम मेघवाल, गजानंद खटीक, दीनदयाल खटीक सहित सर्व समाज एवं सेवा समिति राजलदेसर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।