सोलर एससीओ जारी करने के बदले दस हजार की रिश्वत लेते डिस्कॉम का सीसी बाबू गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को श्रीगंगानगर में कार्रवाई करते हुए जोधपुर डिस्कॉम के सूरतगढ़ स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में तैनात सीसी बाबू सुधीर को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी परिवादी की फर्म द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत लगवाए जा रहे सोलर सिस्टम से संबंधित दो पत्रावलियों में एससीओ (सर्विस कनेक्शन ऑर्डर) जारी करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी श्रीगंगानगर को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत उपभोक्ताओं के सोलर सिस्टम लगवाने का कार्य करती है। फर्म की ओर से योजना के तहत तीन उपभोक्ताओं के सोलर सिस्टम लगाने की स्वीकृति के लिए पत्रावलियां प्रस्तुत की गई थीं। इन पत्रावलियों में एससीओ जारी करने के बदले जोधपुर डिस्कॉम, सूरतगढ़ के कार्यालय सहायक अभियंता कार्यालय में तैनात सीसी बाबू सुधीर द्वारा खर्चे-पानी के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने रिश्वत की राशि नहीं देने पर सोलर सिस्टम से संबंधित स्वीकृति जारी नहीं करने की धमकी भी दी थी। शिकायत का सत्यापन करवाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
जिस पर एसीबी श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में ब्यूरो टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी सुधीर को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

You might also like