लक्ष्य तय कर नियमित अध्ययन करें विद्यार्थी, सफलता के लिए निरंतर प्रयास जरूरी
निसं
बीदासर (नवयत्न)। नोखा मार्ग स्थित श्री सांवरलाल सुशीला देवी राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन और अध्ययन की प्रभावी तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। प्राचार्य देवी प्रसाद वर्मा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, नियमित अध्ययन, अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। भूगोल के सहायक आचार्य अशोक कस्वां ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए समय प्रबंधन को सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन के साथ आत्मविश्वास और निरंतरता बनाए रखने का आह्वान किया। राजनीति विज्ञान की सहायक आचार्य ऋतु कुंवर ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने तथा देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं से लगातार अपडेट रहने की सलाह दी। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन की समय-सारणी बनाने, विषयवार तैयारी करने और नियमित रूप से स्वयं का मूल्यांकन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें बेहतर एवं सुनियोजित तैयारी के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।