19 निकायों की मतगणना 14 सितंबर को, सुबह 8 बजे से शुरू होगी

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले की 19 नगरीय निकायों के आम चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर शनिवार को सूचना केंद्र सभागार में मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण में 40 रिटर्निंग अधिकारी, 40 सहायक रिटर्निंग अधिकारी, 165 मतगणना पर्यवेक्षक और 165 मतगणना सहायकों को मतगणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने मतगणना प्रक्रिया, मतगणना सहायकों की नियुक्ति और डीएमएम सीलिंग प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सावधानी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी चरणों में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतगणना शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराई जाए।
कहां होगी किस निकाय की मतगणना?
झुंझुनूं नगर परिषद व बगड़ की सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज, शिक्षा संकुल केंद्र, चिड़ावा, सुलताना व मंड्रेला की मास्टर हजारी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय चिड़ावा में मतगणना होगी, पिलानी व विद्याविहार की एमके साबू कॉलेज पिलानी में होगी, नवलगढ़ व जाखल की मतगणना सेठ जीबी पोद्दार कॉलेज नवलगढ में होगी। बुहाना व सिंघाना की श्री खेमका इंटरनेशनल स्कूल बुहाना में होगी। मुकुंदगढ़ व डूंडलोद की कनोडिया कॉलेज मुकुंदगढ़ में मतगणना होगी। मंडावा व बिसाऊ की मंडावा कॉलेज में होगी। सूरजगढ़ की आरकेजे बरासिया कॉलेज, खेतड़ी की राजकीय जयसिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदयपुरवाटी की राजकीय महाविद्यालय, मलसीसर की राजकीय महाविद्यालय में मतगणना होगी।

You might also like