बेटी के जन्मदिन पर बच्चों की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, विजेताओं को दिए पुरस्कार

कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। बलौदा के आदर्श पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान के मरु प्रदेश से जुड़े जिलों की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान पुलिस में मलसीसर थाने में पदस्थापित आसलवास निवासी मुकेश फान्डन की ओर से 7 सितंबर को किया गया था। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय ‘मरु प्रदेश राजस्थान के जिलों का सामान्य ज्ञानÓ रखा गया था। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को राजस्थान के जिलों की जानकारी से परिचित कराने के साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था। शनिवार को प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया। अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शाहिना के जन्मदिन के अवसर पर पुरस्कार एवं अन्य उपहार दिए गए। इस दौरान मुकेश फान्डन की ओर से विद्यालय के पूरे स्टाफ और परिवार के लिए मिठाई भी वितरित की गई। मुकेश फान्डन ने बेटी के जन्मदिन को यादगार बनाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल की। विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने शाहिना को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए मुकेश फान्डन को बधाई दी। इस अवसर पर शाहिना के पिता मुकेश फान्डन, माता मुस्कान, दादी सुलोचना, चाचा सुनील, बुआ कंचन, प्रधानाचार्य उमेद सिंह चौहान, संचालक रतन सिंह चौहान, व्यवस्थापक छोटू राम बरवड़ सहित विद्यालय स्टाफ के भूपेंद्र सिंह, रामवीर, राकेश, योगेश सिंह, देवेश, कर्मपाल, अनुकूल, विकेश, संतोष, प्रीति कंवर, नीलम और उषा मौजूद रहे।

You might also like