जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना केंद्र पर किया निरीक्षण
निसं
जयपुर (नवयत्न)। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत जयपुर जिले की नगर निगम, नगर परिषद् एवं नगरपालिकाओं के मतदान के पश्चात् सोमवार 14 सितंबर को प्रात: 8 बजे से मतगणना होगी। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में हुए मतदान की मतगणना श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी सीकर रोड जयपुर में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी स्थित मतगणना स्थल का रविवार को निरीक्षण करने के उपरांत मतगणना स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, साफ-सफाईए सहित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित् करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं ताकि प्रत्याशियों, कार्मिकों एवं काउंटिंग एजेंटों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि मतगणना केंद्र पर पुलिस की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित् की गई है। उन्होंने बताया कि बिना अधिकृत प्रवेश-पत्र के किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन मतगणना केंद्र में लाना वर्जित रहेगा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, तहसीलदार निर्वाचन कुलदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।