रेलवे ट्रैक पर मिला 30 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव

निसं
जयपुर (नवयत्न)। बिंदायका थाना इलाके में श्योसिंह पुरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार को 30 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर बिंदायका थाना पुलिस और फुलेरा आरपीएफ मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक ने काले रंग की शर्ट और जींस पहन रखी थी। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण पुलिस हुलिए के आधार पर परिजनों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी युवक के हुलिए की जानकारी भेजकर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like