पत्नी और बड़ी बेटी से तनाव को लेकर की थी हत्या
निसं
जयपुर (नवयत्न)। करधनी थाना क्षेत्र में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी राहुल कुमार झा को 48 घंटे में रींगस से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार राहुल ने सो रही पत्नी गीता झा और बेटियों नंदिनी, राधिका व ग्रेशिका उर्फ गौरी के सिर और चेहरे पर भारी सीमेंट ब्लॉक से वार कर हत्या की। वारदात के बाद वह फरार होकर खाटूश्यामजी की ओर जाने की फिराक में था। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी गोविंद वाटिका, कालवाड़ रोड, करधनी का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि राहुल पिछले दो-तीन महीने से अपनी पत्नी और बड़ी बेटी को लेकर तनाव में था। उसे शक था कि बड़ी बेटी का किसी युवक से प्रेम संबंध है और रात के समय उससे मिलने कोई घर आता है। आरोपी का आरोप था कि पत्नी बेटी का पक्ष लेती थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बड़ी बेटी अक्सर परिचितों के साथ बाहर घूमने जाती थी। हाल ही में वह किसी परिचित युवक के साथ कांवड़ लेकर भी आई थी। राहुल ने उसे अनजान लोगों के संपर्क से दूर रहने के लिए कई बार समझाया था। इसी बात को लेकर वह पत्नी से बेटी को समझाने के लिए कहता था। प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि राहुल पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या की योजना बना रहा था। उसे यह भी विचार था कि दोनों की हत्या के बाद उसके जेल जाने पर छोटी बेटियों की देखभाल कौन करेगा। इसी सोच के चलते उसने छोटी दोनों बेटियों को भी मारने का फैसला कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घर के बाहर से दो बड़े पत्थर लेकर आया था। इनमें से एक पत्थर को वह घर के अंदर ले गया। वारदात में सबसे पहले पत्नी पर हमला किया। इसके बाद नीचे कमरे में सो रही बड़ी बेटी और दोनों छोटी बेटियों पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों से चारों की मौत हो गई। करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि 11 सितंबर को पीसीआर के जरिए पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस गोविंद वाटिका स्थित मकान पर पहुंची तो गीता झा और उसकी तीन बेटियों नंदिनीए राधिका व ग्रेशिका उर्फ गौरी के लहूलुहान शव मिले। चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। राहुल घर से गायब था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आरोपी के भाई की रिपोर्ट पर करधनी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस टीमें गठित की गई। जांच के दौरान डीएसटी कांस्टेबल सांवरमल को राहुल के सीकर जिले के खाटूश्यामजी क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद करधनी थाना, डीएसटी जयपुर पश्चिम और सीएसटी जयपुर की संयुक्त टीमों ने रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग पर तलाश शुरू की। टीम ने रींगस से राहुल को दबोच लिया। थानाधिकारी सवाई सिंह के अनुसार राहुल के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या की वजह, वारदात की पूरी योजना और अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।