डाइट में ‘जेन-जी से संवादÓ – युवाओं ने करियर, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। युवाओं की सोच, चुनौतियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को समझने के उद्देश्य से डाइट झुंझुनूं में ‘जेन-जी से संवादÓ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झुंझुनूं विभाग प्रचारक मुकेश कुमार और जिला प्रचारक भगतसिंह ने युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया और डिजिटल युग, करियर, परिवार व रिश्ते, मानसिक दबाव, भारतीय संस्कृति, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विभाग प्रचारक मुकेश कुमार ने कहा कि आज का युवा प्रतिभाशाली, जागरूक और तकनीक के साथ आगे बढ़ने वाला है। उसकी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता के साथ संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। साथ ही गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों, स्वामी विवेकानंद, रानी लक्ष्मीबाई और रानी पद्मिनी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। जिला प्रचारक भगतसिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण किसी एक संस्था या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपनी प्रतिभा, समय और ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करें तो सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रमेन्द्र कुल्हार, शशिकांत, विधि, अंजू कस्वा, श्रीराम सहित अन्य मौजूद रहे।