एसएस मोदी विद्या विहार में गणेश चतुर्थी व हिंदी दिवस का उत्साह
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में सोमवार को गणेश चतुर्थी एवं हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दोनों अवसरों को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की स्तुति और प्रार्थना से हुई। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सामूहिक गीत प्रस्तुत किए और गणेश जी की आरती की। भक्तिमय प्रस्तुतियों से विद्यालय का वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया। विद्यालय स्टाफ ने भगवान गणेश से सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर करने और सुख-समृद्धि की कामना की। हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की समृद्धता और भारतीय संस्कृति में इसके महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और भाषा के सम्मान व संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्राचार्य विजय मसीह ने कहा कि गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस हमें ज्ञान, संस्कृति और अपनी पहचान से जोड़ते हैं। हिंदी हमारी भावनाओं, संस्कारों और संस्कृति की भाषा है। विद्यार्थियों को अन्य भाषाओं का ज्ञान हासिल करने के साथ अपनी मातृभाषा के प्रति भी गौरव की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने गणेश चतुर्थी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान गणेश को बुद्धि, विवेक और शुभारंभ का प्रतीक बताया। साथ ही विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस से जुड़ी कविताएं, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाया गया और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकान्त मोदी, गीलुराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी तथा विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने गणेश चतुर्थी एवं हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं।