बगड़ में भाजपा की कुर्सी खिसकी? राकेश शर्मा के कांग्रेस जाने के संकेत
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। झुंझुनू विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बगड़ नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों से मिल रहे संकेतों के अनुसार, बगड़ में भाजपा का पालिकाध्यक्ष बनना अब मुश्किल दिखाई दे रहा है।
पालिकाध्यक्ष की दौड़ में शामिल बताए जा रहे पार्षद राकेश शर्मा के कांग्रेस का दामन थामने की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि फिलहाल राकेश शर्मा भूमिगत हैं और उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों का दौर जारी है।
यदि राकेश शर्मा कांग्रेस के साथ जाते हैं तो इसका सीधा असर बगड़ पालिका में अध्यक्ष पद के समीकरणों पर पड़ सकता है। ऐसे में भाजपा के सामने अपने पक्ष में अध्यक्ष बनाने की चुनौती खड़ी हो सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा के लिए बगड़ में अपना पालिकाध्यक्ष नहीं बन पाना महज एक स्थानीय राजनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि संगठन के भीतर की रणनीति और पार्षदों के बीच पकड़ को लेकर भी सवाल खड़े करेगा। आखिर बगड़ में भाजपा अपना अध्यक्ष क्यों नहीं बना पा रही है? इसका जवाब फिलहाल भाजपा जिलाध्यक्ष और संगठन के चुनिंदा पदाधिकारियों के पास ही बताया जा रहा है।
हालांकि राकेश शर्मा के कांग्रेस में जाने और अध्यक्ष पद के अंतिम समीकरणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आने वाले दिनों में तस्वीर साफ होने के साथ ही बगड़ की राजनीति में नए समीकरण सामने आने की संभावना है।