पालिका अध्यक्ष पद के लिए चार पार्षदों ने दाखिल किए छह नामांकन
निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां तेज रही।
दोपहर तीन बजे तक पालिका भवन में निर्वाचन अधिकारी अम्मीलाल यादव के समक्ष चार पार्षदों ने कुल छह नामांकन पत्र दाखिल किए।
निर्वाचन अधिकारी यादव के अनुसार भाजपा की ओर से सुमन प्रजापत और सरिता सिंघी ने नामांकन दाखिल किया। दोनों ने भाजपा प्रत्याशी के साथ निर्दलीय के रूप में भी पर्चे भरे।
वहीं कांग्रेस की ओर से सोना देवी मेहला और शमीम ने नामांकन दाखिल किया। दोनों ने कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन के दौरान पालिका भवन के बाहर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भीड़ रही। प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के साथ ही समर्थकों में उत्साह नजर आया और पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई।