आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य शिविर, जांच के साथ मरीजों को मिली नि:शुल्क दवाइयां

निसं
सिंघाना (नवयत्न)। सिंघाना के ब्लॉक चिकित्सालय में सोमवार को आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने आमजन को स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेद के महत्व की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने के लिए प्रेरित किया। चिकित्साप्रभारी डॉ सुनील कनोडिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने आयुर्वेद की दिनचर्या और ऋतुचर्या के बारे में जानकारी देते हुए नियमित दिनचर्या, मौसम के अनुसार खान-पान और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। शिविर के दौरान स्टाफ सदस्य दीपक ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही चिकित्सालय में उपलब्ध औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ धर्मपाल खोवाल और डॉ राकेश योगी ने सेवाएं दी। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने बताया कि आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद की उपयोगिता के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

You might also like