सॉफ्टबॉल में माधव विद्या मंदिर स्कूल का दबदबा, लॉन टेनिस में गोठड़ा स्कूल की छात्राओं ने दिखाया दम

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी के नेहरू मैदान में माधव विद्या मंदिर स्कूल के सौजन्य से चल रही 70वीं जिला स्तरीय अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को आयोजक स्कूल की टीमों का दबदबा रहा। वहीं सोफिया स्कूल में चल रही जिला स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में गोठड़ा की शहीद धर्मपाल सैनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता आयोजक धर्मपाल कुमावत ने बताया कि सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्रा वर्ग में गोठड़ा की माधव विद्या मंदिर और न्यू ईडन स्कूल सिंघाना के बीच मुकाबला हुआ। इसमें माधव विद्या मंदिर की टीम ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। छात्र वर्ग के पहले मुकाबले में भी माधव विद्या मंदिर ने यूनिक एकेडमी को हराया। छात्रा वर्ग के दूसरे मुकाबले में सरस्वती स्कूल बलवंतपुरा ने यूनिक एकेडमी को पराजित किया। छात्र वर्ग में सरस्वती स्कूल बलवंतपुरा ने राजकीय विद्यालय गौरीर को हराया। वहीं राजकीय विद्यालय गौरीर ने न्यू ईडन स्कूल को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का समापन 23 सितंबर को होगा।
लॉन टेनिस में गोठड़ा स्कूल की छात्राओं का प्रदर्शन
सोफिया स्कूल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय अंडर-14, 17 और 19 छात्र-छात्रा लॉन टेनिस प्रतियोगिता में गोठड़ा की शहीद धर्मपाल सैनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने दो वर्गों में जीत दर्ज की। अंडर-19 छात्रा एकल के फाइनल मुकाबले में गोठड़ा स्कूल की छात्रा ने सोफिया स्कूल को 3-2 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसी तरह अंडर-17 डबल छात्रा वर्ग के फाइनल में गोठड़ा स्कूल की छात्राओं ने सोफिया स्कूल की टीम को 3-2 से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं, अंडर-19 वर्ग में सोफिया स्कूल ने शहीद धर्मपाल सैनी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोठड़ा को 3-2 से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की।

You might also like