डंपिंग यार्ड व खेल स्टेडियम का निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगरपालिका प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी एवं पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि नौशाद अली सिसोदिया ने पालिका टीम के साथ शहर के डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डंपिंग यार्ड में कचरे के निस्तारण एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने तथा डंपिंग यार्ड के आसपास फैलने वाले कचरे का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पालिका टीम ने डॉ एस आर गुहराय खेल स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने अधिकारियों को वर्षा के मौसम में स्टेडियम परिसर में होने वाले जलभराव की समस्या से अवगत कराया। खिलाड़ियों ने बताया कि जलभराव के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों ने खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और स्टेडियम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष गौरव खंडेलवाल, नन्द किशोर चौधरी, एसआई रामचंद्र पूनिया, पार्षद मुतलिब कुरैशी, मोहम्मद नदीम, कामरान बडगुजर, पालिका टीम के कर्मचारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

You might also like