70वीं राज्य स्तरीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहीद सुगन सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सींवा में 70वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयी 17 एवं 19 वर्षीय छात्रा खेलकूद कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 1 अक्टूबर 2026 से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के 41 जिलों एवं 3 एकेडमी की टीमों के 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की खिलाड़ी छात्रा शिरकत कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व विद्यालय के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का भव्य लोकार्पण किया गया। यह मुख्य द्वार स्वर्गीय टीकूराम बीडासर की पावन स्मृति में उनकी धर्मपत्नी धापू देवी एवं सुपुत्रों द्वारा निर्मित करवाया गया है, जिसका लोकार्पण मुख्य अतिथि लाडनूँ विधायक मुकेश भाकर एवं निवर्तमान प्रधान हनुमान राम कासनियां द्वारा फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में लाडनूँ विधायक मुकेश भाकर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लाडनूँ उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने की। मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अजीत सिंह देथा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक रूपाराम पिंडार, खेल अधिकारी सोहन राम, आरपीएस राजेश सिंवर, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी खेल प्रकोष्ठ बीकानेर, रामनिवास कस्वां सीबीईओ लाडनूं बजरंग सिंह, एसीबीईओ, सोमदत्त नेहरा, नगर पालिका लाडनूँ चेयरपर्सन परवीन बानो, वाइस चेयरमैन गौरव खंडेलवाल विराजमान रहे। अतिथियों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विधायक मुकेश भाकर ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और समूह भावना सिखाते हैं। राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षा उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार सेवदा, रामनिवास साहू ने किया।

You might also like