शहर के नेचर पार्क की बदहाली पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर शहर के एकमात्र नेचर पार्क की गंभीर दुर्दशा को लेकर कांग्रेस के पार्षद व कार्यकर्ताओं ने चिंता जताई है। पार्क की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से उपखंड अधिकारी के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया गया जिसमें बताया कि यह पार्क नगरवासियों के स्वास्थ्य, प्रात:कालीन भ्रमण और पर्यावरण संतुलन के लिए एकमात्र मुख्य केंद्र है। परंतु उचित देखरेख और प्रबंधन के अभाव में इसकी हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। पानी एवं नियमित सिंचाई की माकूल व्यवस्था न होने के कारण पार्क में लगे सैकड़ों छोटे-बड़े पौधे जल रहे हैं और हरी-भरी घास पूरी तरह सूख चुकी है। स्थान-स्थान पर कचरे और सूखे पत्तों के ढेर लगे हैं। नियमित सफाई कर्मचारी न होने से गंदगी का साम्राज्य व्याप्त है। पार्क में आमजन के बैठने हेतु बनी कुर्सियां, बच्चों के झूले और लाइट व्यवस्था उपेक्षा के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कार्यकर्ताओं ने पार्क में जल आपूर्ति सुनिश्चित कर तुरंत प्रभाव से सिंचाई व्यवस्था चालू करवाई जाए, सूख रहे पौधों को बचाने तथा नए वृक्षारोपण हेतु स्थाई माली अथवा कर्मचारियों की नियुक्ति करने, पार्क की दैनिक सफाई और बुनियादी ढांचे (लाइट, बेंच, झूले) की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग अथवा नगर पालिका को पाबंद करने आदि की प्रशासन से मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर समय रहते हमारे मांगे नहीं मानी है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर हरिसिंह बेनीवाल, कुंदन सैनी, बाबू हुसैन कुरैशी, मनीराम सुथार, असरफ तेली, असलम मिर्जा, फारुख गौरी, साजिद टाक, महेन्द्र बुंदेला, बुँदे खाँ लुहार, दिनेश खंडेलवाल, संजय वाल्मीकि, शरीफ लुहार सहित काफी लोग मौजूद रहे।