दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। स्थानीय सीताराम जी मंदिर परिसर में आगामी 20 अक्टूबर को आयोजित दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए।
बैठक में मेला मैदान की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने सहित मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया। इस अवसर पर दिवंगत विजय कुमार भोजक की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में पदम जैनाग्रवाल, छोटू सोनी, नरपत गौड़, लूणकरण शर्मा, चेतन भोजक, सुशील पिपलवा, कमल सोनी, नरेंद्र भोजक, अभय नारायण भोजक, जय सिंह चौहान, रामानंद गुर्जर एवं सुबोध आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।