पंचायत चुनाव की जंग के लिए आरएलपी तैयार
कासं
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को अंबेडकर भवन, झुंझुनूं में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पंचायत चुनाव प्रभारी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि तथा डॉ. विकास गिल एवं दौलत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता आरएलपी जिलाध्यक्ष राजेन्द्र फौजी ने की। बैठक में पंचायत चुनाव से संबंधित विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई। साथ ही आगामी चुनावों में पार्टी की भूमिका, संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने चुनाव में सक्रिय भागीदारी के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। इस दौरान संजीव ज्ञानी, रामतार, बलबीर श्योपूरा, विकास खींचड़, विक्रम, अशोक बराला, वीरेंद्र लालपुरिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायती राज चुनावों में पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।