ओवरब्रिज निर्माण के बीच कचरा डंपिंग से परेशानी, दुर्गंध से लोग बेहाल
देवेन्द्र कुमावत
झुंझुनूं (नवयत्न)। पुलिस लाइन फाटक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते पहले से ही धूल-मिट्टी, संकरे रास्ते और उबड़-खाबड़ मार्ग से परेशान लोगों की मुश्किलें अब कचरा डंपिंग से और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के ट्रैक्टर से किसी अन्य स्थान का कचरा लाकर ओवरब्रिज निर्माण स्थल के आसपास डाला जा रहा है। कचरा जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के लोगों, राहगीरों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य के चलते यहां पहले ही आवागमन प्रभावित है। संकरे रास्ते से वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल-मिट्टी उड़ती रहती है। ऐसे में निर्माण स्थल के पास कचरा जमा होने से परेशानी और बढ़ गई है। लोगों ने कचरे से संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रशासन को आवागमन और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि निर्माण के कारण होने वाली परेशानी और न बढ़े।
किसके निर्देश पर डाला जा रहा कचरा?
लोगों का सवाल है कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास कचरा डालने की अनुमति किसने दी और यदि यहां कचरा डंपिंग की अनुमति नहीं है तो नगर परिषद का वाहन कचरा लेकर मौके तक कैसे पहुंचा? स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने, मौके से कचरा तत्काल हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।