बुहाना में कल सेवा सेतु अभियान, एक ही जगह मिलेंगी कई सेवाएं

निसं
बुहाना (नवयत्न)। नगरपालिका कार्यालय बुहाना में 8 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। वार्ड नंबर 4 के पार्षद लोकेश सिंह ने बताया कि शिविर में नागरिकों को नगरपालिका से जुड़े विभिन्न जरूरी काम एक ही जगह करवाने की सुविधा मिलेगी। शिविर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और नई लाइट लगाने, पट्टे से जुड़े काम, नामकरण और निर्माण स्वीकृति सहित कई सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा नागरिकों को जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र जारी करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शौचालय निर्माण के लिए आवेदन भी शिविर में किए जा सकेंगे। पार्षद लोकेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों के नगरपालिका से संबंधित काम लंबे समय से लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि को नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नगरपालिका प्रशासन की ओर से नागरिकों से शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने और उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई है।

You might also like