निकाय चुनाव में विजेता स्वर्णकार बंधुओं का पुष्कर में होगा सम्मान
कासं
झुंझुनूं (नवयत्न)। राजस्थान प्रदेश मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजि.) की ओर से वर्ष 2026 के निकाय चुनावों में समाज की उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में 8 अक्टूबर को पुष्कर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में निकाय चुनावों में जीत दर्ज करने वाले समाज के सभापति, उपसभापति और पार्षदों के साथ मातृशक्ति एवं युवा विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। संस्था के झुंझुनूं जिला महामंत्री विश्वनाथ तुणगर और प्रदेश महामंत्री बजरंग लाल झींगा ने बताया कि समारोह महाराजा अजमीढ़ चेरिटेबल ट्रस्ट भवन, पुष्कर में सुबह 11 बजे से होगा। इसमें केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश कार्यकारिणी सहित समाज के गणमान्य लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि निकाय चुनावों में समाज के प्रतिनिधियों ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में निर्वाचित होकर समाज का गौरव बढ़ाया है। इसी उपलब्धि के सम्मान के साथ समाज में एकता, संगठन, नेतृत्व और राजनीतिक जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले समाज बंधुओं के लिए 7 अक्टूबर की रात ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है। संस्था ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर समाज के उज्ज्वल भविष्य, सशक्त नेतृत्व और सर्वांगीण विकास का संकल्प लेने का आह्वान किया है।