दुर्गा महोत्सव में मां कात्यायनी के स्वरूप की पूजा, आरती में उमड़े श्रद्धालु
निसं
बुगाला (नवयत्न)। शारदीय नवरात्रि के तहत जाखल के मुख्य बाजार स्थित पंडाल में शुक्रवार को मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडित मदन गोपाल शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। उन्होंने मां कात्यायनी के स्वरूप और महिमा के बारे में श्रद्धालुओं को जानकारी दी। पंडित शर्मा ने बताया कि मां कात्यायनी को साहस, शक्ति और बाधाओं को दूर करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि मां की आराधना करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं तथा सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है। पूजा के बाद विधिवत आरती की गई। इस दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही और भक्तों ने मां के जयकारे लगाए।