पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 100 से अधिक वाहन जब्त, 10 लोगों को किया गिरफ्तार

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और रात के समय अकारण घूमने वाले लोगों पर अंकुश लगाने के लिए लाडनूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर 100 से अधिक वाहनों को जब्त किया, वहीं 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से शहर में देर रात तक घूमने वाले वाहन चालकों और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। एसपी प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर सीआई शिम्भू दयाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने वालों, रात के समय अकारण घूमने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने लाडनूं बाइपास स्थित आधा दर्जन होटलों के रिकॉर्ड और रजिस्टर भी खंगाले। होटलों में ठहरने वाले लोगों की जानकारी जुटाई गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। एसएचओ शिम्भूदयाल ने बताया कि पुलिस की इस सख्ती से देर रात सड़कों पर अकारण घूमने वालों में खलबली मच गई। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

You might also like