अज्ञात कार ने मारी टक्कर, महिला की मौत
निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। मूंडरू से आगे कोलवा मोड़ के पास शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। चौमूं के अस्पताल में डायलिसिस करवाकर बेटे के साथ घर लौट रही महिला की बाइक को सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका बेटा सड़क पर गिर गया। उपचार के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान नाथूसर निवासी गीतादेवी पत्नी कालूराम प्रजापत के रूप में हुई है। बेटे दीपक ने बताया कि उसकी मां किडनी की बीमारी से पीड़ित थी। शुक्रवार को वह चौमूं के अस्पताल में मां का डायलिसिस करवाकर बाइक से घर लौट रहा था। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच कोलवा मोड़ के पास सामने से तेज गति से आई अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक उछलकर सड़क पर गिर गया, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। दीपक घायल मां को पहले खेजरोली अस्पताल लेकर पहुंचा। इसके बाद उन्हें चौमूं के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शनिवार को श्रीमाधोपुर सीएचसी में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।