बाइक सवार को टक्कर मारकर भागने वाला थार चालक गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। दिवाली की देर रात तेज रफ्तार थार से बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार होने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सौरभ मुखिया (25), निवासी गांधी नगर रेलवे स्टेशन के रूप में हुई है। आरोपी राजस्थान यूनिवर्सिटी में स्नातकोत्तर का छात्र है। पुलिस ने उसके कब्जे से हादसे में इस्तेमाल थार को भी जब्त कर लिया है।
हादसा 8 नवंबर की रात मामा की होटल के पास हुआ था। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें थार चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाता नजर आ रहा है। वीडियो में पहले थार एक बाइक सवार को टक्कर मारने से बचती दिखाई देती है। इसके बाद कुछ दूरी पर आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा।
हादसे के बाद बाइक सवार ने उठकर थार चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी सौरभ मुखिया को गिरफ्तार कर थार जब्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।