निजी बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालकों की मौके पर मौत
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। जिले के भानीपुरा थाना इलाके में राणासर पंवारान के पास मेगा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निजी बस और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार निजी बस चुनाव ड्यूटी के लिए श्रीगंगानगर से सरदारशहर की ओर आ रही थी, वहीं पिकअप वाहन सब्जियां भरकर हनुमानगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राणासर पंवारान के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद राणासर गांव के जसवंत सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए पिकअप चालक को अस्पताल पहुंचाया। वहीं बस चालक को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बस कंडक्टर को प्राथमिक उपचार के बाद पल्लू ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भानीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।