भीषण गर्मी व लू के थप्पेड़ों से आमजन परेशान
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)28 मई। कोरोना महामारी के अन्तर्गत चल रहे लॉक डाउन 4 के साथ ही गत चार दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी व लू के थप्पेड़ों से आमजन परेशान है। प्रात: आठ बजे कस्बे के बाजार खुलते ही सब्जी व परचून की दुकानों पर ग्राहकों की उमड़ती भीड़ न तो सोशल डिस्टेंस की पालना कर रही है, वहीं अधिकांश दुकानदार व ग्राहक बिना मास्क लगाए देखे जा रहे है। यूं कहे तो कस्बे में सब कुछ राम भरोसे चल रहा है। बैंकों के सामने छाव व पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। फिर भी तपती दुपहरी में ग्राहकों की लगी लम्बी कतारे चिंता का विषय बन रहा है।
चिलचिलाती धूप व लू के थप्पेड़ो से बचाव के लिए लोग अलग-अलग व्यवस्था करके घर से निकलते है। प्रशासन के गाइड लाइन की पालना नहीं हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाली महिलाएं लू से बचाव के लिए वृक्षों की छाव का सहारा लेने को मजबूर है। दुपहर एक बजे बाजार बंद होते ही कस्बे की सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। गर्मी इतनी तेज है की पंखा-कूलर तो क्या एयरकंडीशनर भी फैल हो जाते है।