सड़क हादसा: अल्टो कार व ट्रोले की टक्कर में बच्ची सहित पांच जनों की मौत
सुजानगढ़,(अमित प्रजापत)1 जून। सुजानगढ़-सालासर सड़क मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब नौ बजे हुए सड़क हादसे में सालासर की ओर से आ रही अल्टो कार सामने से आ रहे 18 चक्का ट्रोले से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था की कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रोला सड़क किनारे कार को घसीटते हुए खाई में जा गिरा। जिसमें घटनास्थल पर ही तीन जनों की मौत हो गई। मौके से ट्रोले का चालक फरार हो गया।
18 चक्का ट्रोला गुजरात के भुज से हरिद्वार जा रहा था। वहीं अल्टो कार में सवार लोग झुंझुनूं जिले के खेतड़ी के पास चींचड़ोली गांव से कोडासर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर राकेश सांखला मौके पर मय जाब्ते के पहुंचकर टीम हारे का सहारा के श्याम स्वर्णकार, नोरतन बिजारणिया, सुरेंद्रसिंह की मदद से शवों को एम्बूलेंस के जरिये राजकीय बगड़िया अस्पताल पहुंचाया। वहीं दो घायलों को भी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
डीएसपी नरेंद्र शर्मा, सीआई मनोज कुमार ने भी मौका मुआयना किया। मृतकों की पहचान चालक महिपालसिंह के ड्राईविंग लाईसेंस से हुई। प्राथमिक तौर पर मृतकों की पहचान कार में सवार चालक महिपालसिंह, राजपालसिंह, नीशू कंवर, 2 साल की बच्ची भूमि कंवर व सदा कंवर के रूप में हुई है। मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्ची व दो पुरूष शामिल हैं।
