रैली की तैयारी में माकपा, झुंझुनू में चला रणनीति मंथन
संजय सोनी
झुंझुनू (दैनिक नवयत्न ) । भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी झुंझुनू की विस्तृत बैठक सोमवार को शिक्षक भवन, इंदिरा नगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कॉमरेड प्रभुराम नारनौलिया ने की, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं पूर्व विधायक धोद कॉमरेड पेमाराम मौजूद रहे।
जिला सचिव राजेश बिजारणियां ने बताया कि बैठक में जयपुर में आयोजित राज्य कमेटी बैठक की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कॉमरेड पेमाराम ने केंद्र की भाजपा-आरएसएस सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए मनरेगा कानून में बदलाव, चार लेबर कोड, बिजली बिल 2025, स्मार्ट मीटर, बीज बिल 2025, शांति बिल तथा विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों को आम जनता, मजदूरों और किसानों के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के विरोध में 24 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित पार्टी की विशाल रैली को सफल बनाना मुख्य लक्ष्य रहेगा।
राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड फुलचंद बर्बर ने कहा कि यह रैली बिजली, बीज, मनरेगा, श्रम कानूनों की समाप्ति, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष का कदम होगी। इसे सफल बनाने के लिए जिले की सभी तहसीलों में जत्थों द्वारा सघन प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
पूर्व जिला सचिव सुमेर बुडानिया ने बताया कि राजस्थान में पार्टी पोलिट ब्यूरो सदस्य व सीकर सांसद अमरा राम, कॉमरेड बिजू कृष्णन और राज्य सचिव किशन पारिक के नेतृत्व में 24 फरवरी को घड़साना से जत्था रवाना होगा, जो श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, डूंगरगढ़ और सीकर होते हुए 5 मार्च को झुंझुनू पहुंचेगा। झुंझुनू जिले में नवलगढ़ और गुढ़ा में दो जनसभाएं आयोजित होंगी तथा 6 मार्च को जत्था नीमकाथाना के लिए रवाना होगा।
पूर्व उप जिला प्रमुख कॉमरेड विद्याधर गिल ने बताया कि गुढ़ा की जनसभा को सफल बनाने के लिए 20 फरवरी को बैठक कर सभा स्थल तय किया जाएगा और प्रचार अभियान तेज किया जाएगा। झुंझुनू तहसील सचिव बिलाल कुरैशी ने बताया कि 24 मार्च की दिल्ली रैली में झुंझुनू तहसील से सौ कार्यकर्ता भाग लेंगे। मलसीसर तहसील सचिव महीपाल पूनियां ने भी गांव-गांव प्रचार अभियान चलाने की बात कही।
किसान सभा के महासचिव मदन सिंह यादव और जिलाध्यक्ष गिरधारीलाल महला ने 5 मार्च को नवलगढ़ में होने वाली सभा की तैयारियां शुरू करने की घोषणा की। सीटू से गजराज कटेवा ने मजदूरों की बड़ी भागीदारी का दावा किया। डीवाईएफआई जिलाध्यक्ष पंकज गुर्जर ने कहा कि नौजवान इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
बैठक में डीवाईएफआई जिला महासचिव, गुढ़ा तहसील सचिव शिवनाथ महला, नवलगढ़ तहसील सचिव धन्नाराम सैनी, अरविंद गढ़वाल, महावीर खरबास, देवकीनंदन बसेरा, साबीर भाटी, आशु चौधरी, एसएफआई जिला महासचिव प्रिया चौधरी, पूर्व जिला महासचिव सचिन चोपड़ा, डीवाईएफआई कोषाध्यक्ष रामचंद्र टोडरवास, सुरेश पूनिया, नरेंद्र डाबरी, दीपक रामपुरा, अमित पूनिया, साहिद खान, साहिल खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।