भारत विस्तार — एआई व तकनीक से जुड़ेंगे खेत – किसान

चूरू (दैनिक नवयत्न ) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के लिए एसआई व तकनीकी आधारित सुविधाओं को बढ़ाते हुए उनकी क्षमताओं का संवर्धन किया जा रहा है। हाल ही में 17 फरवरी, 2026 को राजधानी मुख्यालय जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत विस्तार योजना का शुभारंभ किया। किसानों को कृषि क्षेत्र से जुड़ी तकनीकी जानकारी को सरल व उनकी भाषा में उपलब्ध करवाने के लिए शुरू ‘भारत विस्तार’ कृषि क्षेत्र में डिजीटल क्रांति के लिए नींव का पत्थर है। भारत विस्तार से कृषि क्षेत्र से जुड़ी सटीक जानकारी अब किसानों को 24×7 स्मार्ट हेल्प के साथ एक कॉल पर मौसम, मंडीभाव, योजनाओं व कृषि क्षेत्र से जुड़ी जानकारी उनकी भाषा में मिलेगी। इससे अब खेत— किसान एआई व तकनीक से जुड़ेंगे।

एक ही जगह पर मिलेगी कृषि संबंधी जानकारी

‘भारत‑विस्तार’ भारत सरकार का किसान‑केंद्रित, एआई‑संचालित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो अलग‑अलग सरकारी और वैज्ञानिक स्रोतों को जोड़कर किसानों तक भरोसेमंद जानकारी पहुंचाएगा। इसे वॉयस ‑ फर्स्ट एआई के रूप में तैयार किया गया है, जिससे साधारण फीचर फोन वाले किसान भी सिर्फ कॉल करके इसका लाभ ले सकेंगे। इसके लिए टेलीफोनी हेल्पलाइन 155261 को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।

आईसीएआर, केविके व वैज्ञानिक सलाह से जुड़ा मजबूत नेटवर्क

भारत‑विस्तार आईसीएआर, केविके व वैज्ञानिक सलाह से जुड़ा मजबूत नेटवर्क है। इसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज, फसल प्रबंधन और सॉइल हेल्थ कार्ड आधारित मृदा सलाह को शामिल किया गया है। इस पर किसान को वैज्ञानिक और क्षेत्र‑विशेष सलाह मिल सकेंगी। यह प्लेटफॉर्म “डिजिटल कृषि सलाहकार” के रूप में किसानों को फसल और खेत के लिए बेहतर निर्णय में मदद करेगा।

भारत विस्तार इन समस्याओं का करेगा समाधान, 24 घंटे रहेगी उपलब्धता

भारत विस्तार का यह प्लेटफॉर्म किसानों को उनकी पात्रता जानने, आवेदन करने, लाभ की स्थिति जानने और समय पर शिकायत निवारण करने, मौसम, मंडी दरें, बीमा और मृदा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने सहित किसानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेगा।
भारत विस्तार किसानों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। इस पर भारत विस्तार चैटबॉट से टेक्स्ट आधारित संवाद किया जा सकेगा और भारतविस्तार के अंदर मौजूद बोलने वाला एआई सहायक “भारती” किसानों से बातचीत कर सकता है। यह सरल भाषा में प्रश्नों के उत्तर दे सकता है और विभिन्न भाषाओं में आवाज के माध्यम से कार्य कर सकता है। वर्तमान में यह हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में शुरू किया गया है तथा भविष्य में यह 11 अन्य भारतीय भाषाओं में भी शुरू होगा।

इस प्लेटफाॅर्म से अन्नदाता किसानों को एआई आधारित प्रणाली में सही समय पर उनकी खेती से जुड़ी विविध जानकारियां त्वरित मिल सकेगी। इस एआई आधारित नवाचार से किसानों को एकीकृत डिजीटल प्लेटफाॅर्म पर समग्र कृषि सेवाएं प्रदान की जाएगी, जिससे कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता को बल मिलेगा एवं किसान सशक्त तथा आत्मनिर्भर बनेंगे।

You might also like