नगरपालिका क्षेत्र में गंदगी का अंबार, सड़कों पर बह रहा गंदा पानी
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। दांता नगरपालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। कस्बे के भार्गव मोहल्ले में घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण जहां दुर्गंध फैल रही है, वहीं बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोजाना उन्हें इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। खासकर स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को काफी दिक्कत होती है। कई बार बाइक चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कर समस्या का समाधान करने की मांग की है। वहीं, दांता रोडवेज बस स्टैंड के पास भी सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आई। यहां कचरा पात्र उल्टे और टूटे-फूटे पड़े हैं तथा आसपास कचरे का ढेर लगा हुआ है। इससे स्पष्ट है कि सफाई के लिए खर्च होने वाले बजट के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।