अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती पर जताया कड़ा विरोध

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न )। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) खंड इकाई तारानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी सत्र की कार्ययोजना और शिविरा पंचांग में संशोधनों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में ‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान’ अभियान के प्रदेश संयोजक कृष्ण कुमार सैनी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) संजय शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन खंड मंत्री राजेंद्र किरोड़ीवाल द्वारा किया गया।

बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा जारी आगामी शिविरा पंचांग 2026-27 में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में की गई कटौती पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। प्रदेश संयोजक कृष्ण कुमार सैनी ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्व की भांति 17 मई से 30 जून तक यथावत रखा जाना चाहिए। यदि अवकाश में कटौती अनिवार्य है, तो शिक्षकों को इसके बदले उपार्जित अवकाश (PL) का लाभ दिया जाए। साथ ही, संस्था प्रधान के विवेकाधीन अवकाशों की संख्या पुनः बढ़ाकर 2 करने और ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविरों के बकाया मानदेय के त्वरित भुगतान की मांग उठाई गई।
शिक्षक स्वाभिमान और संगठन विस्तार:
मुख्य वक्ता सैनी ने ‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान’ अभियान के माध्यम से शिक्षकों को संस्कारवान शिक्षा और आत्म-सम्मान के साथ राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया। ACBEO संजय शर्मा ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए शिक्षकों को पूर्ण निष्ठा से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। खंड अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की पदोन्नति और एसीपी (ACP) से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट रहने का आह्वान किया।
सदस्यता अभियान 2026-27:
खंड मंत्री राजेंद्र किरोड़ीवाल ने आगामी सत्र के लिए सदस्यता अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक विद्यालय तक संगठन की राष्ट्रवादी विचारधारा पहुँचाने का लक्ष्य रखा।
बैठक के अंत में ‘शिक्षक राष्ट्रहित में, शिक्षाहित में और छात्रहित में’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मंगलेश खत्री, जिला कार्यकारिणी सदस्य आनंद सिंह, प्रदीप पालीवाल सहित खंड कार्यकारिणी के सदस्य अरविंद कुमार, हनुमान प्रसाद शर्मा, सुंदरलाल सैनी, भंवरलाल, श्रवण सिंह चारण, नरसाराम प्रजापत, कोषाध्यक्ष प्रभुराम घेउवा, अमरेंद्र सैनी, इंद्रचंद, आशीष शर्मा, विनोद कस्वाँ, जितेंद्र कुमार, रोहिताश सिंह, रमेश घासोलिया, सुमन शेखावत, सरला शर्मा, राखी सारस्वत, अनीता शर्मा, अश्वनी स्वामी, छाया पांडे सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

You might also like