आवासन मण्डल की सभी योजनाओं में होंगे सेनेटाईजेशन स्टेशन, मण्डल की अभिनव पहल

आवासन आयुक्त ने किया निर्माणाधीन चौपाटी, कोचिंग हब और मुख्यमंत्री शिक्षक व प्रहरी आवासीय योजना का निरीक्षण

जयपुर,(बी एल)8 मई। आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि आवासन मण्डल की सभी मौजूदा आवासीय योजनाओं और निर्माणाधीन भावी परियोजनाओं में मुख्य द्वार पर सेनेटाईजेशन स्टेशनों का निर्माण करवाया जायेगा। इस संबंध में समस्त उप आवासन आयुक्त और आवासीय अभियन्ताओं को आदेश जारी कर दिये गये हैं।

अरोड़ा ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जो निर्देश जारी किए गए हैं, उनमें नियमित रूप से सभी को साबुन से हाथ धोना एवम् हाथ धोने की व्यवस्था न होने पर हाथों को अल्कोहलयुक्त सेनेटाईजर से सेनेटाईज करना मुख्य है। अत: उक्त दिशा-निर्देशों की अनुपालना में मंडल द्वारा अपनी सभी मौजूदा एवं निर्माणाधीन आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में एक-एक सेनेटाईजेशन स्टेशन की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि मण्डल की मौजूदा आवासीय परियोजनाओं में सेनेटाईजेशन स्टेशन बनाने के लिये रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटियों को प्रेरित किया जायेगा। जिन सोसायटियों द्वारा इनका निर्माण कर लिया जायेगा, उन्हें मण्डल द्वारा 25 हजार रूपये प्रति स्टेशन की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाई जायेगी। यह प्रोत्साहन राशि संबंधित योजना के आवासीय अभियन्ता की सिफारिस पर दी जायेगी।

ऐसा होगा यह सेनेटाईजेशन स्टेशन
उन्होंने बताया कि यह स्टेशन कोविड-19 के लिये जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर बनाया जायेगा। सेनेटाईजेशन स्टेशन का टाईप डिजाईन मण्डल द्वारा दिया जायेगा। इस स्टेशन पर सेंसर युक्त या पेडल युक्त मशीन लगाई जायेगी, जिनमें बिना हाथ लगाए लिक्विड सोप और पानी आयेगा जिससे लोग हाथ धो सकेंगे। इसके साथ ही यहां सेंसर युक्त या पेडल युक्त हैण्ड सेनेटाईजर मशीन भी लगाई जायेगी, जिसमें बिना हाथ लगाए सेनेटाईजर आयेगा और लोग अपने हाथों को सेनेटाईज कर सकेंगे। यह स्टेशन कवर्ड होगा और आवासीय योजना के मुख्य प्रवेश द्वार पर बनाया जाएगा।

आयुक्त ने किया निर्माणाधीन आवासीय योजना का निरीक्षण
आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने शुक्रवार को जयपुर की प्रताप नगर और मानसरोवर आवासीय योजना में निर्माणाधीन जयपुर चौपाटी, कोचिंग हब तथा मुख्यमंत्री शिक्षक एवं प्रहरी आवासीय योजना का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। प्रताप नगर व मानसरावेर चौपाटी पर मजदूर कार्य करते हुए पाये गये जिन्हें अब और बढाया जायेगा। उन्होंने राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए शीघ्र कार्य करवाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य अभियन्ता के.सी. मीणा, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता नत्थूराम, उप आवासन आयुक्त सीताराम बरी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।

You might also like