युवक का मुंह काला कर,बाल काटे,यूरिन पिलाया, जबरन गंदगी खिलाई; दो आरोपी गिरफ्तार
निसं
बाड़मेर (नवयत्न) । जिले के शिव थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें कुछ युवकों ने एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसका मुंह काला किया, बाल काटे और जबरन यूरिन पिलाने के साथ गंदगी खिलाई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक क्षेत्र के एक गांव का निवासी है और सोलर कंपनी में कार्य करता है। घटना वाले दिन वह काम से लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के ही कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाया और शिव सरहद स्थित आरटीओ नाके के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद आरोपियों ने युवक का मुंह काला किया, बाल काटे और उसके साथ अमानवीय हरकतें कीं। इतना ही नहीं, युवक को जबरन यूरिन पिलाया गया और गंदगी भी खिलाई गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों और पीड़ित के बीच युवतियों के व्हाट्सएप चैट और फोटो को लेकर विवाद था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने युवक को सजा देने के नाम पर इस कृत्य को अंजाम दिया।
घटना 26 मार्च की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो हाल ही में वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़ित के परिजनों की रिपोर्ट पर शिव थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
शिव थाना अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या संवेदनशील सामग्री साझा करने से बचें।