रक्तदान शिविर, 42 यूनिट रक्त संग्रह

नवरतन वर्मा
रतनगढ़(नवयत्न)। रतनगढ़ में स्वर्गीय देवकिशन की नवम् पुण्यतिथि के अवसर पर देवकिशन स्मृति सेवा समिति के तत्वाधान में राजकीय जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 42 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम में सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। मुख्य अतिथि बगड़ के महामंडलेश्वर संत अर्जुनदास महाराज ने कहा कि मानव जीवन दुर्लभ है और इसे सेवा कार्यों में लगाकर ही सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने विभिन्न धार्मिक ग्रंथों के श्लोकों का उल्लेख करते हुए सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि वैद्य बालकृष्ण गोस्वामी ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान वास्तव में जीवनदान है। समिति के वरिष्ठ संरक्षक इन्द्राज खीचड़ ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि समिति द्वारा राजकीय भुवालका महिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड एवं बच्चों के वार्ड को गोद लिया गया है, जहां मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर हाल ही में नेत्रदान करने वाले परिवार के प्रमुख ओमप्रकाश प्रजापत एवं उनके पुत्रों का शॉल और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा अभिनंदन पत्र प्रदान किया गया। समिति अध्यक्ष विश्वनाथ सोनी ने जानकारी दी कि सेवा कार्यों के अंतर्गत ग्राम भरपालसर की गौशाला में एक पिकअप चारा भिजवाया गया। साथ ही ‘अपना घर’ में प्रभुजनों के लिए भोजन एवं अन्नपूर्णा रसोई में निःशुल्क भोजन टोकन की व्यवस्था भी की गई। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने शिविर आयोजन एवं वार्ड गोद लेने की पहल के लिए समिति का आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ डॉ. सुखवीर सिंह द्वारा रक्तदान कर किया गया। ब्लड बैंक की क्षमता को ध्यान में रखते हुए 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं का माल्यार्पण कर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. रामानुज महर्षि सहित समिति के सीताराम दाधीच, देवेन्द्र यादव, खींवाराम खींचड़, नरोत्तम लाल सोनी, अरुण कुमार शर्मा, अनूप जोशी, रणजीत सिंह चौधरी, प्रकाश मारू, राधेश्याम पारीक, रामचंद्र शर्मा, जगदीश सोनी चूरू, हरिराम यादव, राम रतन प्रजापत, दिनेश भाटी, वैद्य लक्ष्मीनारायण शर्मा, हीरालाल जांगीड़, सचिन दाधीच, जतिन सोनी, अमित फोगला, राजीव उपाध्याय, रामनारायण व्यास, चुन्नीलाल प्रजापत, ऋषभ यादव, गौतम पारीक सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम में स्व. देवकिशन की बेटियों नेहा एवं परी की उपस्थिति विशेष रही। साथ ही बड़ी संख्या में रक्तदाता एवं ब्लड बैंक स्टाफ भी मौजूद रहा।

You might also like