सनसनीखेज हत्याकांड से क्षेत्र में रोष

श्रीराम तिवाड़ी

नोखा (नवयत्न ) । नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के ग्राम धुंधवालों की ढाणी (अलाय) निवासी मनीष जांगू पुत्र लुणाराम जांगू की निर्मम हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अज्ञात हत्यारों द्वारा हत्या के बाद शव को नोखा के बंधड़ा क्षेत्र की सुनसान रोही में फेंक देना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। घटना के बाद शव को नोखा के बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने साफ तौर पर मांग रखी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।

इसी मांग को लेकर आज परिजन व ग्रामीणजन बड़ी संख्या में बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों की एक ही मांग है कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मृतक के पिता लुणाराम जाट ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

धरने में नागौर प्रधान श्रवण मेघवाल, आरएलपी नागौर जिलाध्यक्ष हनुमान भाकर, मंगनाराम केडली, नागौर उपप्रधान खियाराम रहड़, सरपंच संघ नोखा अध्यक्ष पुरखाराम मेघवाल, काहिरा सरपंच रामदेव शिवराण, मकोड़ी सरपंच भंवरलाल जांगू, धुंधवालों की ढाणी सरपंच भंवर गोदारा, सेवड़ी सरपंच रामेश्वर तरड़, सोमलसर के लिच्छूराम सारण, मोडाराम जांगू, आरपीएल नेता तिलोक खिलेरी, अशोक जांगू, पोकरराम गोदारा, केवीएस अध्यक्ष अलाय नेमाराम धुंधवाल, श्यामलाल सियाग, पुखराज लॉयल साँवर मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मुरली गोदारा ने जानकारी दी।

You might also like