अविनाशी धाम से पक्षियों एवं वन्यजीवों खातिर परिंडा अभियान का श्रीगणेश
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । हिन्दू संगठन ब्लॉक अध्यक्ष रामावतार गुर्जर एवं टीम हीरो गुर्जर के नेतृत्व में साँवलपुरा तंवरान स्थित अविनाशी धाम से 5 दिवसीय परिंडा अभियान की शुभ- शुरुआत की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों एवं वन्य जीवों के लिए पानी की व्यवस्था करने हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर रामावतार गुर्जर ने कहा कि पक्षियों और जीवों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है। सेवा कभी छोटी या बड़ी नहीं होती, बल्कि छोटी शुरुआत भी समाज में बड़ा संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे की प्रवृत्ति की ओर ना बढ़कर सेवा कार्यों से जुड़ें और समाज के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने बताया कि यह पाँच दिवसीय परिंडा अभियान केवल गांवों और बस्तियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जंगलों तक भी चलाया जाएगा, जहां सामान्यतः लोग नहीं पहुँच पाते। वहां लगाए गए परिंडों में प्रतिदिन पानी भी पहुँचाया जाएगा ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों और जीवों को राहत मिल सके। सभी ने इस पुनीत कार्य में सहयोग का संकल्प लिया।