नवीन भवन में कक्षाओं का शुभारंभ, भामाशाह परिवार की प्रेरक घोषणाएं

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । श्री जगन्नाथ कंदोई बालिका उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर, तारानगर में आज नवीन भवन (सूरजमल जी हीरालाल जी काशीराम जी कंदोई) में विधिवत रूप से कक्षाओं का शुभारंभ अत्यंत उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर भामाशाह परिवार के सदस्य रामनिवास कंदोई, सुशीला कंदोई, प्रमोद कंदोई एवं ऋतु कंदोई के करकमलों द्वारा प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी बहिनों को शुभकामनाएं देते हुए नवीन भवन की कक्षाओं में प्रवेश करवाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस ऐतिहासिक क्षण को गर्व के साथ अनुभव किया।
प्रधानाचार्य दयाकंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि भामाशाह श्याम कंदोई द्वारा भवन में दो ए.सी. लगवाने की घोषणा की गई। वहीं भंवरलाल कंदोई बालिका आदर्श विद्या मंदिर, तारानगर की किसी भी बहिन के बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जयपुर से मुंबई तक निशुल्क हवाई यात्रा कराने की प्रेरणादायी घोषणा भी की गई।
इसके साथ ही स्वर्गीय हीरालाल कंदोई की पौत्रियों एवं प्रपौत्री द्वारा विद्यालय में आधुनिक कम्प्यूटर लैब स्थापित कराने की सराहनीय घोषणा की गई, जो छात्राओं के डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
सम्पूर्ण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी जनों ने भामाशाह परिवार के इस अनुकरणीय सहयोग की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

You might also like