गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । गौवंश संरक्षण और ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौसेवकों ने उपखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिकारियों की अनुपलब्धता से नाराज प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।अभियान से जुड़े गौसेवक और नागरिक शहर की गोशाला से डीजे व वाहनों के काफिले के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और सीएम के नाम ज्ञापन देने पहुंचे थे। उस समय उपखंड अधिकारी अनिल कुमार पंचायत समिति में महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त थे।

एसडीएम के तुरंत नहीं पहुंचने पर प्रदर्शनकारी नाराज हो गए और तहसीलदार या एसडीएम को ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़ गए।विरोध स्वरूप प्रदर्शनकारियों ने वाहनों और डीजे को उपखंड कार्यालय के सामने खड़ा कर सड़क जाम कर दी। इससे तेज धूप और गर्मी में वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पुलिस भी पहुंची। हंगामे की सूचना पर तहसीलदार स्नेहलता राजोरिया मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद गोसेवकों ने जाम हटाकर विधिवत ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में देशी गौवंश को राष्ट्रमाता घोषित करने, गो-तस्करी व गो-वध पर सख्त केंद्रीय कानून बनाने, स्कूलों में गो-विज्ञान विषय शुरू करने तथा ग्राम पंचायतों में नंदीशाला और हाईवे पर गो-वाहिनी एम्बुलेंस सुविधा शुरू करने सहित 8 मांगें रखी गईं। अभियान पदाधिकारियों ने बताया कि मांगों के समर्थन में 13 हजार नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त 290 पृष्ठों की सूची भी संलग्न की गई है।
इस मौके पर महामंडलेश्वर औंकारदास महाराज, अभियान के तहसील प्रभारी किशनगिरी महाराज, ब्रह्मचारी आश्रम के महंत सतगिरी महाराज, डॉ. माधव सिंह के अलावा काफी संख्या में गोसेवक और नागरिकगण मौजूद थे।

You might also like