युवा विकास समिति की प्रेरणा से चिकित्सालय में शीतल जल प्याऊ का हुआ शुभारंभ

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे में भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत देने हेतु सराहनीय पहल करते हुए युवा विकास समिति की प्रेरणा से राजकीय चिकित्सालय परिसर में शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया। प्याऊ स्वर्गीय रामलाल जोड़ा की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी तुलसी देवी के सहयोग से शुरू की गयी है । प्याऊ का विधिवत शुभारंभ पंडित बृजेश दाधीच के मंत्रोउच्चारण के साथ समाजसेवी पूनमचंद गर्ग द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।समिति के अध्यक्ष मुकेश श्री माल के द्वारा उपस्थित व्यक्तियों को तथा अस्पताल के स्टाफ को मिठाई के डिब्बे भी वितरित किए गए उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा राहगीरों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर वर्ष इस प्रकार की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किए गए ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाते हैं। वहीं, वीरेंद्र लाटा ने प्रेरक अजीत सुथार एवं सहयोगकर्ता तुलसी देवी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। इस अवसर पर मंत्री विनोद भाटिया, पूर्व अध्यक्ष रतनलाल बारूपाल, पूर्व मंत्री मदन दाधीच, परमानंद प्रजापत, सुरेंद्र टाक, ओमप्रकाश मीणा, पवन मारू दीनदयाल स्वामी नेता प्रतिपक्ष, दीनदयाल कटारिया, उपमंत्री शिव भगवान सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

You might also like