अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों का फूटा गुस्सा
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर के राजकीय अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय किसान सभा और भीम आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों लोगों ने अस्पताल परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। स्थिति इतनी खराब है कि मरीजों को सामान्य बीपी की दवाइयां तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। दवाइयों की कमी के चलते मरीजों को मजबूरन बाहर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील अध्यक्ष कामरेड भादर भामू ने कहा कि अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम चरम पर है। उन्होंने कांग्रेस के विधायक, सांसद और भाजपा के पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को आमजन की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सा प्रभारी डॉ. कपिल धाबाई समय पर अस्पताल नहीं आते, घर पर मरीज देखते हैं और बाहर की दवाइयां लिखते हैं। साथ ही विशेष कंपनियों की दवाइयां लिखने के भी आरोप लगाए गए । भामू ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 5 दिनों के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। वहीं, मेघवाल महासभा के तहसील अध्यक्ष कालूराम तंवर ने भी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि अस्पताल में तीन दवा वितरण केंद्र होने के बावजूद केवल एक ही केंद्र चालू रहता है। इसी तरह पर्ची काउंटर भी दो होने के बावजूद एक ही काउंटर पर काम किया जा रहा है, जिससे मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी और निराशा देखने को मिली। कई मरीजों ने बताया कि समय पर इलाज नहीं मिलने और दवाइयों की अनुपलब्धता के कारण उनकी हालत खराब हो जाती है । प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज शर्मा से भी वार्ता कर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उन्होंने जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी दवा काउंटर चालू करने, पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की । प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। इस मौके पर भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष श्रवण बारुपाल , विजयलपाल कड़वासरा , जगदीश कूड़िया ,लालचंद बिजारणीयां , सोहन कड़वासरा , तिलोक मेघवाल , अल्ताफ बिसायती , संतलाल , पूनमचंद , सुखाराम , खेमाराम, कानाराम , पंकज, अजु बेहलीम , राजकुमार सहित अनेकों संख्या में किसान सभा के सदस्य व भीम आर्मी के सदस्य मौजूद रहे ।