भैरूजी महाराज के उमड़ा आस्था का जन सैलाब
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । लोकदेवता भैरूजी महाराज के अधिकमास के रविवार को जन सैलाब उमड़ पड़ा। भैरूजी महाराज के धोक लगाने के लिए बच्चों से लेकर वृद्धजन तक उमड़ पड़े। जातरूओं ने अपने आराध्य के दर्शनों के लिए जोरदार होड़ रही। इस दौरान भक्तों ने घंटों लाइनों में खड़े होकर अपने इष्ट देवता के दर्शन कर प्रसादी का भोग लगाया। भक्तों ने पवित्र जोहड़ी में स्नान कर पुण्य कमाया। भैरूजी के धोक लगाने के लिए शनिवार शाम से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। रविवार सुबह मंगला आरती करने के लिए भक्तों की होड़ लगी रही। जयपुर, अलवर, हरियाणा, पंजाब दिल्ली सहित अनेक स्थानों से लाखों भक्त उमड़ पड़े। इस दौरान भैरुजी धाम में पांव रखने की भी जगह नहीं रही। सभी तिबारिया धर्मशाला व खाली जगहों पर भैरूजी के भक्त ही नजर आये। भैरुजी के दर्शन कर भक्तों ने प्रसादी का भोग लगाया। इस दौरान भक्तों ने गठजोड़े की जात दी तथा बच्चों के जडूले उतारे। भक्तों के लिए काली माता के दर्शनों की भी व्यापक व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने घंटों लाईनों में खड़े होकर अपने आराध्य के दर्शन किये। भैरूजी मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुवा लाल गुर्जर, मामराज गुर्जर, हरिराम गुर्जर महावीर व श्रवण गुर्जर ने बताया कि अधिकमास पुरुषोत्तम महीने होने से श्रद्धालुओं की आवक ज्यादा रही इस माह में महाराज के दर्शनों का विशेष महत्व होता है। भक्तों को बाबा के दर्शन सुलभ व आराम से हो इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई। हवा, पानी, बिजली छाया का इन्तजाम किया गया।