नौतपा में सेवा : पुनीत कृष्ण गाडिया ट्रस्ट ने अस्पताल को दिए 9 जम्बो कूलर

संजय सोनी
झुंझुनू ( नवयत्न) । भीषण गर्मी और नौतपा के प्रकोप के बीच जिले के सबसे बड़े राजकीय भगवानदास खेतान अस्पताल में मरीजों को राहत देने के लिए सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। गोपीचंद गाडिया द्वारा पुनीत कृष्ण गाडिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अस्पताल को 9 जम्बो कूलर भेंट किए गए हैं, जिससे अब प्रत्येक वार्ड में मरीजों को ठंडक मिल सकेगी।
पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि अस्पताल के विकास और सुविधाओं के विस्तार में भामाशाहों का योगदान हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। अस्पताल परिसर के पार्कों को गोद लेने, वार्डों के विकास, वाटर कूलर सहित अन्य सुविधाओं के लिए दान जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नौतपा के दौरान सामान्य कूलर और एसी भी कई बार प्रभावी नहीं रहते, लेकिन जम्बो कूलर बड़े क्षेत्र में अधिक लोगों को राहत प्रदान करते हैं। ऐसे में इन कूलरों की उपलब्धता मरीजों और उनके परिजनों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। कूलर प्राप्त होते ही उन्हें विभिन्न वार्डों में स्थापित कर दिया गया।
ट्रस्ट द्वारा पूर्व में भी 11 जम्बो कूलर भेंट किए जा चुके हैं, जिससे अस्पताल में सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। वर्तमान में बीडीके अस्पताल जिले का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है, जहां प्रत्येक वार्ड में जम्बो कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार व्हीलचेयर, रोगी ट्रॉली, कूलर, पंखे और एसी जैसे उपकरणों के लिए भामाशाहों से लगातार प्रस्ताव मिल रहे हैं, जो अस्पताल के प्रति समाज के विश्वास और जुड़ाव को दर्शाता है।
अस्पताल में लू-तापघात (हीट स्ट्रोक) के मरीजों के लिए अलग से पूर्णत: वातानुकूलित वार्ड भी संचालित किया जा रहा है।
हाल ही में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की प्रेरणा से लायंस क्लब एवं श्याम आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा भी वाटर कूलर दान किए गए थे।
इस दौरान पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू, कपिल गाडिया, आरएमओ डॉ. विजय झाझड़िया, पीसीएमओ डॉ. बंशीधर झाझड़िया, उपनिदेशक संदीप नेमीवाल, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील सैनी, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगिड़ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like