भैरूजी महाराज के उमडा आस्था का जन सैलाब

 

श्रवण सारस्वत 

रींगस (नवयत्न)। रन वैशाख माह के रविवार को लोक देवता भैरूजी महाराज के दरबार में आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े नजर आए। करीब दो-दो घंटे के इंतजार के बाद जैसे ही भक्तों को अपने आराध्य की झलक मिली, वे भाव-विभोर हो उठे।

श्रद्धालुओं ने भैरूजी महाराज को गुलगुले, लापसी, पतासी और लड्डू का भोग अर्पित किया। मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सीकर से अतिरिक्त जाब्ता बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।

एक दिवसीय मेले को लेकर शनिवार से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जबकि रविवार सुबह से ही भीड़ चरम पर पहुंच गई। देर रात तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसादी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले में कई श्रद्धालुओं ने गठजोड़े की जात दी तथा बच्चों का मुण्डन संस्कार भी संपन्न करवाया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुवा लाल गुर्जर, हरिराम गुर्जर, मामराज गुर्जर, श्रवण, गिरधारी फूलचंद सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भक्तों के लिए कूलर, पंखे और छाया की समुचित व्यवस्था की गई।

भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और पूरे दिन व्यवस्था संभाले रखी। देश के विभिन्न हिस्सों जैसे दिल्ली, जयपुर, अलवर, हरियाणा, पंजाब, अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, कोलकाता और गुवाहाटी सहित अनेक स्थानों से श्रद्धालु यहां पहुंचे।

भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं को लेकर भैरूजी महाराज के दरबार में अरदास लगाई। किसी ने संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना की तो किसी ने विवाह संबंधी मनोकामना रखी। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद यहां पूरी होती है। इसी आस्था के चलते सैकड़ों श्रद्धालुओं ने रविवार को गठजोड़े की जात दी और मुण्डन संस्कार करवाए।

मेले में लगी विभिन्न स्टॉलों पर भी भक्तों की खासी भीड़ देखने को मिली, जहां लोगों ने देशी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा।

You might also like